
31.01.2026
उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) झाँसी मण्डल के सबलगढ़ – बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन दिनांक: 31.01.2026 को संपन्न हुआ I रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र श्री प्रणजीव सक्सेना द्वारा विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड का वैधानिक निरीक्षण किया गया I श्री प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स, पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी।
रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया ।नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया।निरीक्षण उपरांत 120 किमी / घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया। अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।
सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है।
इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री राजकुमार वानखेड़े, समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
30.01.2026- सबलगढ़-विजयपुर रोड हाल्ट स्टेशन रेलखंड का निरीक्षण
पहले दिन, दिनांक 30.01.2026 झांसी मंडल के सबलगढ़- बीरपुर नव निर्मित 27.4 किलोमीटर ब्रॉड गेज लाइन के निरीक्षण के लिए रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिक्षेत्र) श्री प्रणजीव सक्सेना दो दिवसीय दौरे पर झांसी मंडल आए I
दिनांक 30.01.2026 को नव निर्मित सबलगढ़ स्टेशन का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने पैनल, बैटरी कक्ष, ओएफसी (OFC) कक्ष और रिले रूम सहित सभी नव-स्थापित उपकरणों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ऑन-ड्यूटी स्टाफ से संवाद कर उनके तकनीकी ज्ञान और संरक्षा मानकों की समझ को परखा गया, साथ ही आयुक्त एवं उनकी टीम द्वारा संरक्षा प्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए सभी सुरक्षा एवं संरक्षा सामग्री से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की भी गहनता से जाँच की गई।
तत्पश्चात, श्री प्रणजीव सक्सेना ने मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ सबलगढ़-विजयपुर रोड हाल्ट स्टेशन के मध्य नव-निर्मित ब्रॉड गेज का मोटर ट्रॉली के माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान सम्बंधित रेलखंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, गेट, ब्रिज, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स, कर्व आदि सभी संस्थापनों और उनकी कार्य क्षमता का बारीकी से परीक्षण किया गया।