
उत्तर पश्चिम रेलवे (उपरे), बीकानेर मंडल के कलानौर कलां – डोभभाली रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का मंगलवार दिनांक 24.02.2026 को रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम परिमंडल) ई. श्रीनिवास द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया।
यह रेल खंड रोहतक-भिवानी दोहरीकरण परियोजना का अंश है।निरीक्षण के दौरान ट्रैक के ज्योमेट्रिकल पैरामीटर, वेल्डिंग गुणवत्ता, बैलास्ट पैकिंग, स्लीपर फिटमेंट, ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) की स्थिति तथा सिग्नलिंग प्रणाली की कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त समपार फाटकों, पुल-पुलियों, यार्ड लेआउट तथा यात्री सुविधाओं का निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर ट्रैक का भी निरीक्षण किया गया । रेल संरक्षा आयुक्त श्री ई. श्रीनिवास ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण, ट्रैक मेंटेनेंस और सिग्नलिंग मॉनिटरिंग को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के अंतर्गत कलानौर स्टेशन का भी विस्तृत अवलोकन किया गया। स्टेशन यार्ड की संरचना, प्लेटफॉर्म की ऊंचाई, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की सराहना करते हुए आवश्यक सुधारों हेतु सुझाव भी दिए।
दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों का उपयोग किया गया। हाई-स्पीड ट्रैक लेइंग मशीन, टेम्पिंग मशीन तथा स्वचालित वेल्डिंग तकनीक के माध्यम से ट्रैक को और अधिक मजबूत बनाया गया है।
इस रेलखंड के दोहरीकरण से परिचालन क्षमता बढेगी, क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी एवं मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आएगी।
इससे लाहली स्टेशन के आसपास के लोगों के अतिरिक्त स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्योगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबन्धक, बीकानेर श्री गौरव गोविल के अतिरिक्त उपरे मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।