
पूर्वोत्तर रेलवे के आनन्द नगर-घुघुली नई लाइन निर्माण परियोजना का कार्य आरम्भ हो गया है। यह लाइन तराई क्षेत्र के महराजगंज जनपद में अवस्थित है। इस परियोजना के प्रथम चरण में घुघुली से महराजगंज तक की नई रेल लाइन के लिये टेण्डर अवार्ड हो चुका है।
द्वितीय चरण के अन्तर्गत महराजगंज से आनन्द नगर तक के लिये टेण्डर की प्रक्रिया चल रही है। इसके अतिरिक्त आनन्द नगर यार्ड रिमाडलिंग के लिये प्रक्रिया चल रही है। आनन्द नगर-घुघुली नई रेल लाइन निर्माण परियोजना के लिये आवश्यक भूमि 244 हेक्टेयर अधिगृहीत की जा चुकी है।
इस नई रेल लाइन की कुल लम्बाई 51.300 किमी. है। इसके मध्य एक महत्वपूर्ण पुल का कार्य तेजी से प्रगति पर है। मिट्टी का कार्य प्रगति पर है, जिसमें से 20,000 घनमीटर मिट्टी का कार्य पूरा हो चुका है। आनन्द नगर-घुघुली नई लाइन परियोजना के अन्तर्गत 25 बड़े पुल बनाये जाने है, जिन पर कार्य प्रगति पर है।
इस परियोजना के अन्तर्गत 8 छोटे पुल, 44 सड़क अण्डरपास/सीमित ऊँचाई के सब-वे बनाये जाने हैं, जिनमें 6 पर कार्य प्रगति पर है। आनन्द नगर-घुघुली के मध्य 4 हाल्ट स्टेशन-पिपरा, मुन्दारी, शिकारपुर, पकरी नौनिया और परसिया बुजुर्ग हाल्ट बनाये जाने का कार्य प्रगति पर है। आनन्द नगर स्टेशन यार्ड एवं महराजगंज स्टेशन बिल्डिंग निर्माण का कार्य आरम्भ कर दिया गया है।
इस नई रेल लाइन के निर्माण से हिमालय के तराई क्षेत्र में स्थित महराजगंज जनपद का विकास होगा तथा कृषि बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण लघु कृषि उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। अब तक रेल मार्ग से अछूता रहा महराजगंज जिला मुख्यालय भी रेल मार्ग से जुड़ जायेगा।
इस लाइन के बन जाने से उत्तर भारत से बाल्मिीकीनगर एवं रक्सौल होते हुये पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के लिये एक वैकल्पिक रेल मार्ग उपलब्ध हो जायेगा तथा गोण्डा-गोरखपुर खण्ड पर रेल यातायात का दबाव कम होगा। ब्रॉड गेज की यह नई रेल लाइन विद्युतीकृत लाइन होगी, जिसका लाभ हिमालय की तलहटी में स्थित इस क्षेत्र के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को मिलेगा।
वर्तमान में गोण्डा से पनियहवा वाया आनन्द नगर, गोरखपुर, गोरखपुर कैण्ट, घुघुली होते हुये कुल दूरी 307 किमी. है। इस नई रेल लाइन के बन जाने से यह दूरी 42 किमी. कम होकर 265 किमी. रह जायेगी। गोरखपुर के बाईपास हो जाने से यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आयेगी तथा गोरखपुर जं0 स्टेशन पर भार कम होगा।
इसके अतिरिक्त इस लाइन के निर्माण से सीमेंट, खाद, कोयला एवं अनाजों की ढुलाई में सुविधा होने के साथ ही इससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। इस परियोजना को दो चरणों में पूर्ण किया जायेगा। प्रथम चरण में घुघली से महराजगंज एवं द्वितीय चरण में महराजगंज से आनन्द नगर का कार्य किया जायेगा।