दपूमरे बिलासपुर मंडल : जांजगीर नैला-लटीया केबिन चौथी लाइन का संरक्षा निरीक्षण सम्पन्न

दिनांक 16 नवम्बर 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल जांजगीर नैला – लटीया केबिन 16.82 किमी रेल खंड पर विद्युतीकृत नई चौथी लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त दक्षिण पूर्व परिमंडल श्री सुमित सिंघल द्वारा निरीक्षण किया गया |

जांजगीर नैला – लटीया केबिन रेल खंड, बिलासपुर–झारसुगुड़ा 206 किमी लंबी विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन परियोजना का अंश है। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा जांजगीर नैला-लटीया रेलखंड की संरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता तथा यात्री एवं मालगाड़ी संचालन के लिए उसकी उपयुक्तता सुनिश्चित की गई।

साथ ही मोटर ट्राली द्वारा संरक्षा एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रैक, इंटरलॉकिंग प्रणाली, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, ओएचई व्यवस्था, पुलों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली सहित अन्य रेलवे अवसंरचनाओं का भी निरीक्षण किया गया ।

रेल संरक्षा आयुक्त ने इस नवनिर्मित रेललाइन पर ट्रायल से पूर्व जांजगीर-नैला स्टेशन एवं लटीया केबिन यार्ड का विधिवत परीक्षण किया। इसके बाद, उनके द्वारा जांजगीर नैला-लटीया सेक्शन में ओएमएस कोच के साथ स्पीड ट्रायल किया गया।

रेल संरक्षा आयुक्त से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात चौथी लाइन पर सवारी एवं मालगाड़ियों का निर्बाध परिचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे रेल परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और यातायात अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।  इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री मुदित भटनागर, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राकेश रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version