
उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मंडल ने रेल संरक्षा और ट्रैक के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अक्टूबर माह के दौरान रिकॉर्ड 812 इक्विवेलेंट ट्रैक किलोमीटर (Eq. Kms) अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (USFD) टेस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
रेल पटरियों में अत्यधिक दबाव या उम्र के कारण उत्पन्न होने वाली सूक्ष्म दरारों, आंतरिक खामियों और छिपे हुए दोषों की समय रहते सटीक पहचान करने के लिए यूएसएफडी (USFD) टेस्टिंग एक अत्यंत महत्वपूर्ण और वैज्ञानिक प्रक्रिया है।
नियमित रूप से की जाने वाली इस उच्च-स्तरीय जांच से पटरियों की आंतरिक मजबूती सुनिश्चित होती है, जिससे किसी भी संभावित रेल फ्रैक्चर या दुर्घटना के जोखिम को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।
USFD परीक्षण के लाभ:
1. संभावित दरारों की शीघ्र पहचान: इस तकनीक के माध्यम से ट्रैक में अदृश्य दरारों और अन्य आंतरिक दोषों का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाया जा सकता है।
2. संरक्षा में वृद्धि: परीक्षण के आधार पर आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाते हैं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होती है।
3. अप्रत्यक्ष रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम: समय पर दोषों की पहचान से पटरियों की विफलता (Track Failure) को रोका जा सकता है, जिससे संभावित दुर्घटनाओं से बचाव होता है।
4. ट्रैक मेंटेनेंस में सुधार: नियमित USFD परीक्षण से रेलवे ट्रैक का रखरखाव प्रभावी रूप से किया जाता है, जिससे उनकी जीवन अवधि भी बढ़ती है।
5. यात्रियों और मालवाहक गाड़ियों के लिए सुरक्षित यात्रा: संरक्षित ट्रैक होने से रेल संचालन निर्बाध और संरक्षित रहता है, जिससे रेल सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होती है।