दपूमरे : सारागांव देवरी–बाराद्वार–जेठा–सक्ती चौथी लाइन CRS निरीक्षण पूर्ण,अंतिम स्वीकृति प्राप्त

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के सारागांव देवरी–बाराद्वार–जेठा–सक्ती स्टेशनों के मध्य 22.2 किलोमीटर लंबी नई विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन को आयुक्त, रेलवे सेफ्टी श्री बी.के. मिश्रा से अंतिम स्वीकृति प्राप्त हुई । अब इस नई चौथी रेल लाइन पर सवारी एवं मालगाड़ियों का परिचालन प्रारंभ किया जाएगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के सारागांव देवरी–बाराद्वार–जेठा–सक्ती स्टेशनों के मध्य 22.2 किलोमीटर लंबी नई विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

इंटरलॉकिंग सहित सभी आवश्यक तकनीकी कार्यों की पूर्णता के उपरांत दक्षिण पूर्व सर्किल के आयुक्त, रेलवे सेफ्टी श्री बी.के. मिश्रा द्वारा 05 एवं 06 मार्च 2026 को इस नई रेल लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत सारागांव देवरी स्टेशन से की गई, जहाँ आयुक्त ने स्टेशन के केबिन, पैनल रूम तथा यार्ड का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने निरीक्षण दल के साथ सारागांव देवरी–बाराद्वार–जेठा–सक्ती के मध्य नई चौथी लाइन का मोटर ट्रॉली से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने इंटरलॉकिंग प्रणाली, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (OHE) व्यवस्था, पुल-पुलियों, समपार फाटकों तथा सिग्नलिंग उपकरणों सहित परिचालन और संरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

इसके अतिरिक्त निरीक्षण उपरांत सक्ती से सारागांव देवरी स्टेशन के मध्य ओएमएस कोच के माध्यम से हाई-स्पीड स्पीड ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया गया।
आयुक्त, रेलवे सेफ्टी से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात इस नई चौथी रेल लाइन पर सवारी एवं मालगाड़ियों का परिचालन प्रारंभ किया जाएगा।

इसके शुरू होने से इस महत्वपूर्ण रेल खंड की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा यात्री एवं माल परिवहन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर आयुक्त के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री मुदित भटनागर, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राकेश रंजन, तथा मंडल के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version