पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक द्वारा विद्युत लोको शेड, इज्जतनगर के150वें विद्युत लोको का अनावरण

दिनांक 08 जुलाई, 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर द्वारा विद्युत लोको शेड, इज्जतनगर में 150वें विद्युत लोको संख्या 42967 WAG-9HC का अनावरण किया गया ।6,350 हॉर्स पावर क्षमता वाला यह अत्याधुनिक विद्युत लोको आधुनिक तकनीक, उन्नत संरक्षा प्रणालियों तथा चालक दल के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है।

इज्जतनगर विद्युत लोको शेड द्वारा तैयार किया गया यह 150वाँ विद्युत लोको माल परिवहन क्षमता को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल रेल संचालन को नई गति प्रदान करेगा।

इस लोको में स्वदेशी कवच प्रणाली स्थापित की गई है, जो सिग्नल पास्ड एट डेंजर (SPAD) अथवा एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों के आमने-सामने आने जैसी परिस्थितियों में स्वतः आपातकालीन ब्रेक लगाकर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है। इसके अतिरिक्त डिस्ट्रिब्यूटेड पावर वायरलेस कंट्रोल सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से दो या दो से अधिक लोकोमोटिवों का समन्वित संचालन कर लंबी एवं भारी मालगाड़ियों का सुरक्षित एवं प्रभावी परिचालन सुनिश्चित किया जा सकता है। रात्रिकालीन संचालन के दौरान बेहतर दृश्यता के लिए इसमें उच्च क्षमता की एलईडी हेडलाइट भी लगाई गई है।

रेलवे लोको पायलट की सुविधा एवं कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए इस लोको में वातानुकूलित चालक केबिन, एर्गोनॉमिक एवं कुशनयुक्त चालक एवं सहायक लोको पायलट की सीटें, वाटरलेस यूरिनल, निरीक्षण सीट, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, एलईडी सिग्नल एक्सचेंज लाइट, बोतल होल्डर तथा फ्लैग होल्डर जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। ये सुविधाएँ लंबी दूरी के मालगाड़ी परिचालन के दौरान चालक दल को अधिक आरामदायक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करेंगी।

यह अत्याधुनिक विद्युत लोको के संचालन से माल परिवहन की क्षमता, ऊर्जा दक्षता तथा रेल परिचालन की विश्वसनीयता में और अधिक वृद्धि होगी।

मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा ने विद्युत लोको शेड, इज्जतनगर के वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरएस श्री योगेश कुमार एवं सभी अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 150वें विद्युत लोको के सफल निर्माण एवं समर्पण पर हार्दिक बधाई दी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version