
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर नई गुड्स शेड लाइन के कमीशनिंग कार्य को रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। यह उपलब्धि रेलवे की माल परिवहन क्षमता को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ भविष्य की आधारभूत संरचना विकास योजनाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी।
कार्य की विशेष उपलब्धि यह रही कि प्री-नॉन इंटरलॉकिंग चरण में मात्र 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान 10 पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग्स का सफल इंसर्शन तथा 2 पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग्स का डिस्मेंटलिंग किया गया।
इसके उपरांत नॉन इंटरलॉकिंग कार्य भी केवल 12 घंटे में पूर्ण करते हुए संपूर्ण परियोजना का सफल कमीशनिंग निर्धारित समय सीमा के भीतर कर लिया गया, जो उत्कृष्ट योजना, तकनीकी दक्षता एवं बेहतरीन टीमवर्क का परिचायक है।
रसमड़ा में नई गुड्स शेड लाइन के प्रारंभ होने से वर्तमान में दुर्ग स्टेशन क्षेत्र में संचालित माल लदान एवं माल ढुलाई गतिविधियों को चरणबद्ध रूप से स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे दुर्ग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन पुनर्विकास तथा अन्य आधुनिक अधोसंरचना विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। रसमड़ा गुड्स शेड लाइन के संचालन से क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।