परेअहमदाबाद मंडल: बेचराजी–रणुज ब्रॉडगेज कार्य पूर्ण, सीआरएस निरीक्षण हेतु प्रस्ताव प्रेषित

पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल के  बेचराजी –रणुज रेल खंड का ब्रॉडगेज में परिवर्तन कार्य पूर्ण हो चुका है। लगभग 40 किलोमीटर लंबाई एवं ₹520 करोड़ की लागत से सम्पन्न इस परियोजना के माध्यम से उत्तर गुजरात को सुदृढ़ रेल संपर्क प्रदान किया गया है। 

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने बताया कि इस खंड पर अब तक मालगाड़ियों का संचालन किया जा रहा था। अब यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करने के उद्देश्य से बेचराजी–रणुज रेल खंड का ब्रॉडगेज कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है तथा सीआरएस (Commissioner of Railway Safety) निरीक्षण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण पूर्ण होने के पश्चात इस खंड पर यात्री रेल सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।

साथ ही, इस रेल खंड के विद्युतीकरण (Electrification) के लिए भी स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई।यह परियोजना राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति तथा पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित की गई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षित, तेज एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। बेचराजी–रणुज रेल खंड के अंतर्गत मध्यवर्ती प्रमुख स्टेशनों में खांभेल एवं चाणसमा शामिल हैं, जो महेसाणा एवं पाटण जिलों के महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं।

इस रेल लाइन पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ होने पर इन क्षेत्रों के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी इलाकों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से बेचराजी मंदिर एवं वहां आयोजित मेला में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालु इस रेल सुविधा से विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। विशेष रूप से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा छोटे व्यापारियों के लिए आवागमन अधिक सुगम, तेज एवं किफायती हो जाएगा।

Related Posts

Got something to say? Post a comment!Cancel reply

Exit mobile version
%%footer%%