पमरे भोपाल मंडल: रेल संरक्षा आयुक्त ने सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ 13 किमी रेलखंड का किया निरीक्षण

मंगलवार दिनांक 03.11.2026 को पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल के भोपाल-रामगंज मंडी नई रेल लाइन परियोजना के तहत सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के नवनिर्मित 13 किमी रेलखंड का मध्य वृत्त के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) श्री गुरु प्रकाश द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान रेलखंड पर अधिकतम 120 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने रेलखंड की संरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता एवं यात्री तथा मालगाड़ियों के सुरक्षित संचालन की दृष्टि से विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।

मोटर ट्रॉली से निरीक्षण के साथ ट्रैक, पुलों, समपार फाटकों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली तथा अन्य रेल अवसंरचनाओं की जांच की गई। स्पीड ट्रायल से पूर्व सोनकच्छ एवं नरसिंहगढ़ स्टेशन यार्ड का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया।

इस निरीक्षण के साथ भोपाल मंडल में निशातपुरा से कुरावर, ब्यावरा राजगढ़ से सोनकच्छ तथा सोनकच्छ से नरसिंहगढ़ तक कुल 89 किलोमीटर रेलखंड का कार्य पूरा हो चुका है। शेष 22 किलोमीटर लंबे नरसिंहगढ़-कुरावर रेलखंड को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस नई रेल लाइन के पूर्ण होने से भोपाल एवं कोटा मंडल के विभिन्न स्टेशनों के बीच सीधी एवं बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को आवागमन एवं माल परिवहन अधिक तेज, सुगम एवं किफायती होगा।

निरीक्षण के दौरान भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री पंकज स्वाइन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम.एस. हाशमी, सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भोपाल–रामगंज मंडी नई रेल लाइन परियोजना

276 किलोमीटर लंबी भोपाल-रामगंज मंडी नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत कुल 27 स्टेशन हैं। परियोजना का 111 किलोमीटर लंबा निशातपुरा डी केबिन से ब्यावरा तक का हिस्सा भोपाल मंडल तथा 165 किलोमीटर लंबा ब्यावरा राजगढ़ से रामगंज मंडी तक का हिस्सा कोटा मंडल के अंतर्गत आता है।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं :

* परियोजना मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के पांच जिलों भोपाल, सीहोर, राजगढ़, झालावाड़ और कोटा को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

* नई रेल लाइन से यात्री एवं माल परिवहन को बेहतर और सुगम रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

* ब्यावरा-झालावाड़ मार्ग की तुलना में नया रेल मार्ग लगभग 42 किलोमीटर छोटा होगा, जिससे समय एवं ईंधन की बचत होगी।

* भोपाल मंडल में 111 किलोमीटर रेल लाइन एवं 12 स्टेशनों के निर्माण के लिए ₹1,255 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version