पूमरे डीडीयू डीजल शेड में लोको अनुरक्षण, सुरक्षा एवं आधुनिकीकरण पर विशेष जोर

पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डीजल शेड द्वारा रेल परिचालन की विश्वसनीयता, सुरक्षा एवं लोकोमोटिव की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। शेड में आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए लोकोमोटिव अनुरक्षण की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं ऊर्जा संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डीडीयू डीजल शेड में वर्तमान में कुल 100 लोकोमोटिव (83 इलेक्ट्रिक एवं 17 डीजल) का अनुरक्षण किया जा रहा है। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अनुरक्षण के साथ-साथ आवश्यकतानुसार विशेष मरम्मत एवं निवारक अनुरक्षण भी किया जाता है, जिससे लोकोमोटिवों की विश्वसनीयता एवं उपलब्धता में वृद्धि हो रही है।

डीडीयू डीजल शेड द्वारा अनुरक्षित लोकोमोटिवों की पर्याप्त उपलब्धता से मुख्यतः प्रयागराज मंडल सहित धनबाद मंडल की ओर मालगाड़ियों का निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। डीडीयू मंडल द्वारा प्रतिदिन 400 से अधिक मालगाड़ियों का निकटस्थ मंडलों के साथ इंटरचेंज किया जाता है, ऐसे में डीजल शेड द्वारा लोकोमोटिवों का प्रभावी अनुरक्षण एवं  उपलब्धता डीडीयू मंडल में उच्च परिचालन दक्षता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शेड में लोकोमोटिवों के महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं अनुरक्षण किया जाता है। विभिन्न सुरक्षा एवं नियंत्रण प्रणालियों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किए जाते हैं।

सुरक्षा एवं ‘कवच’ प्रणाली: लोकोमोटिवों के महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच के साथ-साथ सभी लोकोमोटिवों में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ (KAVACH) के फिटमेंट का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है।

आधुनिकीकरण एवं आधुनिक परीक्षण सुविधाएं

लोकोमोटिव अनुरक्षण की गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए डीजल शेड में विभिन्न आधुनिक मशीनों एवं परीक्षण उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। इनमें क्यूडी (क्विक ड्रॉप) रिले टेस्ट बेंच, पीसी-8 टेस्ट बेंच, डीयू (ड्रॉप-अंडर वोल्टेज) रिले टेस्ट बेंच, टीडीआर (टाइम डिले रिले) टेस्ट बेंच, डीआई (ड्रॉप इंडिकेटर) रिले टेस्ट बेंच, हाई वोल्ट वीसीबी टेस्ट बेंच, ट्रैक्शन मोटर के लिए हाई करंट इंजेक्शन टेस्ट मशीन, एसएमजीआर टेस्ट बेंच, टैन डेल्टा टेस्टिंग मशीन, डीजल एवं इलेक्ट्रिक लोकोमोटिवों के लिए अलग-अलग स्पीडोमीटर टेस्ट बेंच तथा ट्रैक्शन मोटर नो-लोड रन टेस्ट मशीन आदि शामिल हैं।

इन सुविधाओं के माध्यम से लोकोमोटिवों के विभिन्न उपकरणों एवं प्रणालियों का निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण करने तथा अनुरक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने में सहायता मिलती है।

आईएमएस (IMS) प्रमाणन

वित्त वर्ष 2025-26 में डीडीयू डीजल शेड को गुणवत्ता, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा ऊर्जा प्रबंधन से संबंधित चार प्रमुख आईएसओ प्रमाणपत्र प्राप्त हुए:

 * आईएसओ 9001:2015 — गुणवत्ता प्रबंधन

 * आईएसओ 14001:2015 — पर्यावरण प्रबंधन

 * आईएसओ 45001:2018 — व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन

 * आईएसओ 50001:2018 — ऊर्जा प्रबंधन

ये आईएमएस प्रमाणन शेड में मानकीकृत कार्यप्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग पर दिए जा रहे ध्यान को दर्शाते हैं।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर

पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट जल के उचित उपचार और निस्तारण के लिए शेड में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) कार्यरत है। इसके साथ ही ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कर्मचारियों की कार्यकुशलता एवं प्रशिक्षण

लोकोमोटिव अनुरक्षण कार्य में तकनीकी कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं तकनीकी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आधुनिक लोकोमोटिव प्रणालियों एवं नई तकनीकों से संबंधित प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता को अद्यतन बनाए रखने पर जोर दिया जाता है।

 सर्वश्रेष्ठ डीजल लोको शेड का सम्मान: वित्त वर्ष 2025-26 में डीडीयू डीजल शेड को पूर्व मध्य रेल के सर्वश्रेष्ठ डीजल लोको शेड के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान शेड के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों एवं अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version