
पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह द्वारा आज दिनांक 24.06.2026 को पटना-बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया-बंधुआ-कोडरमा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई प्रणाली, पथ-रचना तथा ट्रैक की संरक्षा एवं मजबूती का अवलोकन किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोडरमा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन एवं विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की ।
इसके उपरांत गझंडी-गुरपा रेलखंड के मध्य स्थित तीनों सुरंगों (टनलों) से कोयला से लदे बीओबीआरएन रेक का सफलतापूर्वक परिचालन कराया गया । इस महत्वपूर्ण परिचालन के दौरान महाप्रबंधक महोदय स्वयं इंजन में उपस्थित रहे तथा संपूर्ण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया । इस फूट प्लेट निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्रीमती इंदु रानी दुबे एवं धनबाद के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र सहित अन्य उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे ।
इस घाट सेक्शन में बीओबीआर रेक के परिचालन प्रारंभ करने के उद्देश्य से इस टनल का रीडिजाइन और डाइमेंशन बढ़ाने का चुनौतीपूर्ण कार्य किया जा रहा है । पिछले महीने ही महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह द्वारा गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में डाउन लाइन में खाली बीओबीआर रेक के परिचालन के ट्रायल का निरीक्षण किया गया था । चुनौतीपूर्ण गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में बीओबीआर रेक से परिचालन प्रारंभ हो जाने से बाढ़ एवं बरौनी एन.टी.पी.सी प्लांट्स के लिए वैगन टर्नराउंड में सुधार होगा तथा रेक की उपलब्धता बढ़ जाने से ज्यादा लोडिंग संभव हो पाएगा ।
निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक महोदय गया जं. पहुंचे जहां उन्होंने गया जं. पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । पुनर्विकसित स्टेशन भवन आकर्षक डिजाइन के साथ उन्नत एवं आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त होगा । गया जं. के निरीक्षण के दौरान पं.दीन दयाल उपाध्याय जं. के मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे ।