पूमरे : महाप्रबंधक ने गंगा नदी पर बने नए रेल पुल पर प्री-एनआई कार्यों का किया निरीक्षण


पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग द्वारा दिनांक 28.09.2026 को राजेंद्र पुल के समानांतर बने नवनिर्मित पुल से होकर परिचालन प्रारंभ करने के उद्देश्य से चल रहे प्री-एनआई कार्य का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने गढ़हरा एवं दिनकर ग्राम सिमरिया के मध्य चल रहे कट एंड कनेक्शन कार्यों का जायजा लिया। साथ ही समपार सं. 2एन.बी. के समीप रिले हट एवं यार्ड रिमॉडलिंग स्थल का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक महोदय ने सभी संबंधित एजेंसियों, दानापुर और सोनपुर मंडल की टीमों के साथ चल रहे एनआई कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये । निरीक्षण के दौरान सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन एवं दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल तथा इरकॉन के अधिकारीगण भी उपस्थित थे ।



विदित हो कि इस नये रेल पुल को वर्तमान राजेन्द्र पुल के समानान्तर एवं पटना छोर की तरफ वर्तमान पुल से 50 मीटर की दूरी पर बनाया गया है । इस पुल पर दोहरी रेल लाइन का निर्माण किया गया है । यह प्रोजेक्ट लगभग 15.5 किमी की कुल लंबाई में फैला है, जिसमें  1.9 किमी का गंगा नदी पर मुख्य पुल शामिल है।

इस गंगा नदी पुल पर 17 स्टील स्पैन हैं  तथा 3.6 किमी के रेल वायडक्ट और बड़े पुल शामिल हैं । मुख्य पुल के साथ ही 08 लघु पुल, 02 सड़क उपरि पुल तथा 03 रेल ओवर रेल का निर्माण भी किया गया है ।

नये पुल की निर्माण योजना इस तरह बनायी गयी है कि वर्तमान पुल के एप्रोच में कम से कम परिवर्तन करना पड़े । निर्माणाधीन नये पुल के दोनों छोर के स्टेशन, वर्तमान पुल के दोनों छोर के स्टेशनों से ही जुड़े होंगे अर्थात् वर्तमान में उत्तर में स्थित राजेन्द्रपुल तथा बरौनी स्टेशनों तथा दक्षिण में स्थित हाथीदह, टाल एवं रामपुर डुमरा स्टेशनों से जुड़े होंगे।  

इस पुल पर परिचालन प्रारंभ हो जाने से नॉर्थ और साउथ बिहार के साथ ही नॉर्थ-ईस्ट इलाकों के बीच रेल कनेक्टिविटी और मज़बूत होगी तथा पैसेंजर और मालगाड़ियों के परिचालन में सुधार होगा।  इससे माल ढुलाई के समय और लागत में कमी आएगी, जिससे व्यापार, इंडस्ट्री और ज़रूरी चीज़ों की आवाजाही को फ़ायदा होगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version