
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू जंक्शन) पर बढ़ती यात्री संख्या एवं गर्मी के मौसम में जल की बढ़ती मांग के बीच जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इसी माह 4 नए डीप ट्यूबवेल एवं 15 शैलो ट्यूबवेल स्थापित किए जा रहे हैं। डीडीयू जंक्शन पर एक नए ट्यूबवेल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए 20 एचपी क्षमता का नया पंप पूर्व से ही प्रस्तावित किया जा चुका है।
डीडीयू स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनियों में जल की आवश्यकता
डीडीयू स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनियों में बहुस्तरीय जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों एवं रेलकर्मियों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने हेतु जलापूर्ति प्रणाली की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।वर्तमान में डीडीयू जंक्शन एवं रेलवे कॉलोनियों में कुल 01 करोड़ 29 लाख लीटर प्रतिदिन जल की आवश्यकता के अनुरूप नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इसके लिए कुल 21 पंप हाउस कार्यरत हैं, जिनका मुख्य स्रोत डीप ट्यूबवेल हैं। जल भंडारण हेतु कुल 70 लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड स्टोरेज टैंक उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से स्टेशन परिसर एवं रेलवे आवासों तक जलापूर्ति की जाती है। आवश्यकता अनुसार पर्याप्त पंपिंग की व्यवस्था है। स्टेशन क्षेत्र में जलापूर्ति हेतु स्टेशन के दक्षिणी भाग में 20 एचपी क्षमता के 4 पंप तथा उत्तरी भाग में 20 एचपी क्षमता के 2 पंप कार्यरत हैं, जिनकी क्षमता 15,000 गैलन प्रति घंटा (GPH) है एवं उनका संचालन समय प्रतिदिन लगभग 15/16 घंटे है।
रेलवे कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति
रेलवे कॉलोनियों में लगभग 3,800 रेलवे आवासों तक नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए डीडीयू जंक्शन स्टेशन पर 48 वाटर बूथ एवं 275 कार्यरत नलों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने हेतु 12 वाटर कूलर तथा 12 वाटर वेंडिंग मशीनें भी संचालित हैं। जलापूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने हेतु स्टेशन पर कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में जलापूर्ति प्रभावित न हो।
क्विक वाटरिंग सिस्टम (QWS) एवं क्लीन ट्रेन स्टेशन (CTS) सुविधा
डीडीयू जंक्शन पर ट्रेनों में जल भराव एवं स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक प्रणालियों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। स्टेशन पर उपलब्ध आधुनिक क्विक वाटरिंग सिस्टम (QWS) व्यवस्था के माध्यम से प्रतिदिन औसतन लगभग 3007 कोचों में जल भराव किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर क्लीन ट्रेन स्टेशन (CTS) सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके अंतर्गत वर्तमान में 88 ट्रेनों में नियमित साफ-सफाई की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत कोच शौचालयों, डोरवे एवं वेस्टिब्यूल क्षेत्रों की हाई प्रेशर जेट से सफाई, डिसइन्फेक्टेंट के साथ मॉपिंग तथा कोचों से कचरा संग्रहण जैसे कार्य नियमित रूप से किए जाते हैं।