पूमरे : राजेन्द्र पुल, मोकामा के समानांतर एक नया दोहरी लाइन पुल का निर्माण पूर्ण

पूर्व मध्य रेल मोकामा के पास गंगा नदी पर मौजुदा राजेन्द्र पुल के समानांतर एक नये रेल पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा इससे होकर रेल परिचालन प्रारंभ करने के उद्देश्य से एनआई कार्य किया जाना है ।

इस कार्य हेतु दानापुर मंडल के राजेन्द्र पुल, उपरी हाथीदह जं, टाल जं, रामपुर डुमरा और सोनपुर मंडल में दिनकर ग्राम सिमरिया में राजेन्द्र पुल पर डबल लाइन सुविधा के साथ नए पुल को जोड़ने और दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी जं. के मध्य मुख्य लाइन कनेक्शन को जोड़ने हेतु प्री एनआई कार्य 21.09.2026 से प्रारंभ किया जा रहा है तथा  04.10.2026 को एनआई का यह कार्य पूर्ण होगा।

यह नया पुल वर्तमान राजेन्द्र पुल के समानान्तर एवं पटना छोर की तरफ वर्तमान पुल से 50 मीटर की दूरी पर बनाया गया है । इस पुल पर दोहरी रेल लाइन का प्रावधान है । मुख्य पुल की लम्बाई करीब 1.9 किमी तथा एप्रोच लाइन सहित कुल लम्बाई 14 किमी है। इस पुरी परियोजना में गंगा नदी पर मुख्य पुल के साथ ही 09 लघु पुल, 02 सड़क उपरि पुल (ROB) तथा 03 रेल ओवर रेल (ROR) का निर्माण भी किया गया है।

नये पुल की निर्माण योजना इस तरह बनायी गयी है कि वर्तमान पुल के एप्रोच में कम से कम परिवर्तन करना पड़े । निर्माणाधीन नये पुल के दोनों छोर के स्टेशन, वर्तमान पुल के दोनों छोर के स्टेशनों से ही जुड़े होंगे अर्थात् वर्तमान में उत्तर में स्थित हाथीदह, टाल एवं रामपुर डुमरा स्टेषनों तथा दक्षिण में स्थित राजेन्द्रपुल तथा बरौनी स्टेशनों से जुड़े होंगे ।

 राजेन्द्र पुल

विदित हो कि वर्तमान में मोकामा और बरौनी के बीच गंगा नदी पर स्थित 1.9 किमी लंबा रेल-सह-सड़क राजेन्द्र पुल का निर्माण वर्ष 1959 में किया गया था । मौजूदा राजेन्द्र पुल पर सिंगल लाइन है और कुछ तकनीकी बाधाओं के कारण इस पुल पर रेल लाइन का दोहरीकरण करना संभव  नहीं है।  वर्तमान पुल पर रेल परिचालन प्रारंभ होने के लगभग 60 सालों में यातायात में कई गुणा वृद्धि हुई है। इन्हीं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 2015-16 के रेल बजट में रु 1491.47 करोड़ की अनुमानित लागत से मोकामा के पास राजेन्द्र पुल के समानांतर एक नये रेल पुल के निर्माण की मंजूरी प्रदान की गयी थी। इसके उपरांत 12 मार्च, 2016 को इस पुल का शिलान्यास प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version