
उत्तर मध्य रेल झांसी मंडल के ग्वालियर-श्योपुर कलां आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत नव निर्मित बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड के दो दिवसीय निरीक्षण के पहले दिन दिनांक 28.09.2026 को रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्वी परिक्षेत्र श्री ई. श्रीनिवास द्वारा लगभग 24 किलोमीटर रेलखंड का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में बीरपुर स्टेशन मास्टर कक्ष में पैनल, रिले रूम सहित विभिन्न परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
रेल संरक्षा आयुक्त ने आमान परिवर्तित रेलखंड पर स्थित महत्वपूर्ण पुलों का भी विस्तृत निरीक्षण किया।
कूनो नदी पर निर्मित 546 मीटर लंबे कूनो ब्रिज का निरीक्षण करते हुए गार्डर, पिलर एवं अन्य संरचनात्मक हिस्सों की स्थिति का जायजा लिया गया।
इसके साथ ही चंबल कैनाल पर बने मेजर ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया और गार्डर, पिलर आदि का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा एवं निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की गई।
इस दौरान बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड पर स्थित सिल्लीपुर हॉल्ट स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया।
पहले दिन लगभग 24 किलोमीटर रेलखंड के निरीक्षण के दौरान 2 मेजर ब्रिज तथा 4 माइनर ब्रिज का निरीक्षण किया गया।रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा रेल पथ, पुलों, स्टेशन तथा सिग्नलिंग एवं परिचालन और मोटर ट्रॉली के माध्यम से निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप विस्तृत परीक्षण किया गया।
ग्वालियर-श्योपुर कलां आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत बीरपुर-सिरोनी रोड रेलखंड का यह निरीक्षण रेल परिचालन शुरू किए जाने से पूर्व संरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन पहलुओं के परीक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक, झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार, अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।