
दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल के असारवा रेलवे स्टेशन एवं साबरमती ‘ए’ केबिन के बीच नवनिर्मित ब्रॉड गेज बायपास लाइन (Y-कनेक्टिविटी) का रेल संरक्षा आयुक्त पश्चिम सर्किल, मुंबई श्री ई.श्रीनिवास, द्वारा निरीक्षण किया गया।
नई बायपास (Y-कनेक्टिविटी) लाइन के निर्माण से असारवा से साबरमती जाने वाली ट्रेनों को अहमदाबाद स्टेशन पर रिवर्सल नहीं लेनी पड़ेगी । इस नई लाइन के माध्यम से ट्रेनों के संचालन तथा रेल यातायात के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी।
लाइन संख्या 16, 17 एवं 18 का संरक्षा निरीक्षण
रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा अहमदाबाद स्टेशन पर नवनिर्मित ब्रॉड गेज लाइन संख्या 16, 17 एवं 18, (जो प्लेटफॉर्म संख्या 10, 11 एवं 12 से संबंधित हैं) का संरक्षा निरीक्षण किया गया।
बढ़ती रेल यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक यार्ड रीमॉडलिंग एवं रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण कार्य के अंतर्गत नई ब्रॉड गेज लाइन संख्या 16, 17 एवं 18 का निर्माण किया गया है।
प्लेटफॉर्म संख्या 10, 11 एवं 12 से यात्री ट्रेनों का परिचालन पुनः प्रारंभ होने पर अहमदाबाद स्टेशन पर अतिरिक्त रेल परिचालन क्षमता विकसित होगी।
प्लेटफॉर्म संख्या 10, 11 एवं 12, अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन के नीचे अवसंरचना विकसित की गई है।
अहमदाबाद–कांकरिया डिपो के बीच पांचवीं रेल लाइन
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन एवं कांकरिया डिपो के बीच पांचवीं रेल लाइन के विकास से रेल परिचालन के लिए उपलब्ध अवसंरचना में विस्तार होगा एवं भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
संरक्षा स्वीकृति के बाद प्रारंभ होगा यात्री ट्रेनों का परिचालन
रेल संरक्षा आयुक्त से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने तथा निर्धारित औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात इन नई रेल लाइनों एवं संबंधित प्लेटफॉर्मों से यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री प्रदीप गुप्ता सहित रेलवे के निर्माण एवं ओपन लाइन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अहमदाबाद स्टेशन पर मीटर गेज की ऐतिहासिक विरासत
वर्ष 2017 से पहले अहमदाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 11 एवं 12 से मीटर गेज ट्रेनों का परिचालन किया जाता था। उस समय अहमदाबाद–उदयपुर फास्ट पैसेंजर, अहमदाबाद–खेड़ब्रह्मा पैसेंजर, अहमदाबाद–हिम्मतनगर पैसेंजर, अहमदाबाद–नांदोल–दहेगाम पैसेंजर, अहमदाबाद–उदयपुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद–महेसाणा पैसेंजर, अहमदाबाद–बोटाद पैसेंजर, अहमदाबाद–रणुज पैसेंजर तथा अहमदाबाद–महेसाणा एक्सप्रेस सहित कुल 13 जोड़ी यात्री सेवाएं संचालित होती थीं।