
दिनांक 13 अगस्त 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के कप्तानगंज–पनियहवां रेलखंड स्थित सिसवा बाजार स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की सफलतापूर्वक स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य पूरा किया गया।
सिसवा बाजार स्टेशन पर सेंट्रलाइज्ड आर्किटेक्चर वाली 64वीं रूट सेटिंग टाइप इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (WESTRACE MK-II) प्रणाली को 42 रूट्स के साथ सफलतापूर्वक चालू किया गया तथा स्टेशन को सार्वजनिक रेल यातायात के लिए खोल दिया गया।
यह कार्य 5 घंटे के डिस्कनेक्शन एवं इसके बाद 1.5 घंटे के टेस्टिंग ब्लॉक के दौरान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस कार्य में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की तकनीकी टीम ने समन्वित एवं दक्षतापूर्ण ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित समय में कमीशनिंग का कार्य पूरा किया।
खड्डा रेलवे स्टेशन के बाद सिसवा बाजार स्टेशन वाराणसी मंडल का दूसरा स्टेशन है, जहाँ सिग्नलिंग केबल बिछाने के लिए RCC डक्ट का उपयोग किया गया है। इससे केबलों की बेहतर सुरक्षा एवं सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के स्थापित होने से वाराणसी मंडल में ट्रेनों के परिचालन में सुरक्षा, सुगमता, विश्वसनीयता एवं दक्षता में और वृद्धि होगी।