उमरे, झांसी मंडल :जाखलौन स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित

उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल के जाखलौन रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के अंतर्गत आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का कार्य दिनांक 14.03.2026 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर पूर्व में स्थापित पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को हटाकर केंद्रीकृत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि इस अत्याधुनिक प्रणाली के लागू होने से जाखलौन स्टेशन पर ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय हो सकेगा। साथ ही यार्ड रिमॉडलिंग तथा तीसरी लाइन के विकास से इस खंड पर रेल यातायात की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे भविष्य में यात्रियों और मालगाड़ियों के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

नई प्रणाली के माध्यम से स्टेशन पर ट्रेन संचालन को अधिक सरल, तेज और सुरक्षित बनाया गया है। इसके तहत कुल 32 पॉइंट मशीनें, 32 मुख्य सिग्नल, 3 कॉलिंग-ऑन सिग्नल, 109 रूट तथा 71 डीसी ट्रैक सर्किट को इस प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे ट्रेनों के आवागमन का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त 10 डिपेंडेंट शंट सिग्नल और 12 इंडिपेंडेंट शंट सिग्नल भी इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के माध्यम से नियंत्रित किए जा रहे हैं।

संचालन को और अधिक सुगम बनाने के लिए डबल वी.डी.यू. आधारित नियंत्रण प्रणाली उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन निगरानी के लिए डेटा लॉगर स्थापित किया गया है, जबकि साइडिंग में एमएसडीएसी तथा ब्लॉक संचालन के लिए ब्लॉक पैनल भी लगाए गए हैं।

सिस्टम की विश्वसनीयता और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टैटकॉन आईपीएस के साथ मेंटेनेंस वी.डी.यू., ए क्लास प्रोटेक्शन तथा रिंग अर्थिंग जैसी उन्नत व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही इस परियोजना के अंतर्गत एक शंटिंग नेक, दो लॉन्ग हॉल लाइन तथा तीन पीक्यूआरएस लाइन भी कमीशन की गई हैं। नई प्रणाली के संचालन से पूर्व ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटिंग तथा सिग्नल एवं दूरसंचार कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और काउंसलिंग भी प्रदान की गई।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version