पमरे:अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इटारसी स्टेशन का पुनर्विकास

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल के सबसे महत्वपूर्ण एवं व्यस्ततम जंक्शन स्टेशन इटारसी का व्यापक पुनर्विकास कार्य तेजी से प्रगति पर है। लगभग 49.84 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित करने के कार्य किए जा रहे हैं। इटारसी स्टेशन का पुनर्विकास कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इटारसी स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म क्रमांक 4/5 एवं 6/7 पर कवर ओवर शेड की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 एवं 7 की सतह में सुधार कार्य भी प्रगति पर है।

स्टेशन भवन के आंतरिक भाग, प्रतीक्षालय एवं टिकट खिड़की क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशन के शौचालयों का भी सुधार एवं आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्टेशन परिसर में दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं का विस्तार करते हुए रैंप, दिव्यांग संकेतक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इटारसी स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, वीडियो वॉल, क्लॉक बोर्ड, जीपीएस आधारित सीसीटीवी कैमरे तथा पीए सिस्टम जैसी आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

स्टेशन पर फर्नीचर एवं यात्री उपयोग की अन्य सुविधाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि विभिन्न विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से प्रगति पर हैं। भविष्य में एस्केलेटर एवं लिफ्ट जैसी सुविधाओं के विस्तार की भी योजना है, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा प्राप्त होगी।अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इटारसी स्टेशन का पुनर्विकास पूर्ण होने के बाद यह स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं बेहतर संरचना का नया उदाहरण बनेगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *