उमरे झांसी मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर सेक्शनल स्पीड में वृद्धि

उत्तर मध्य रेलवे  झांसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर तकनीकी उन्नयन एवं आवश्यक सुरक्षा मानकों की पूर्ति के उपरांत सेक्शनल स्पीड में वृद्धि की गई है। सेक्शनल स्पीड में वृद्धि किये गए विभिन्न रेलखंडों की सूची निम्नवत है :

संदलपुर–सिथौली ‘ए’ केबिन के मध्य तृतीय रेल लाइन पर अधिकतम सेक्शनल स्पीड 100 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा की गई है।

दतिया–डबरा तृतीय लाइन खंड पर भी सेक्शनल स्पीड 100 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा कर दी गई है।

हेतमपुर–धौलपुर तृतीय लाइन खंड पर भी गति सीमा 80 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है।

ग्वालियर–श्योपुर नवनिर्मित ब्रॉडगेज लाइन के रायरू–जौरा अलापुर रेल खंड पर गति सीमा 90 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा कर दी गई है। इसी लाइन के जौरा अलापुर–कैलारस खंड पर गति सीमा 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है।

खैरार–मानिकपुर रेलखंड के बांदा–खुरहंड के मध्य नवनिर्मित द्वितीय डाउन लाइन पर भी अधिकतम सेक्शनल स्पीड 90 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है।

लूप लाइनों पर भी गति में वृद्धि  

परिचालन की सुगमता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए उदयपुरा–टीकमगढ़ खंड के एलपीजीसीएल केबिन, खैरार–मानिकपुर खंड के डिंगवाई एवं खुरहंड स्टेशन तथा झांसी–ग्वालियर खंड के सिथौली ‘ए’ केबिन पर स्थित विभिन्न क्रॉसओवर एवं कॉमन लूप लाइनों पर अनुमेय गति 15 किमी/घंटा से बढ़ाकर 30 किमी/घंटा कर दी गई है।

इन तकनीकी सुधारों से ट्रेनों की औसत गति में वृद्धि होगी, परिचालन अधिक सुचारु बनेगा तथा समयपालन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही, माल एवं यात्री दोनों प्रकार की रेल सेवाओं की क्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी।

तीन समपार फाटक स्थायी रूप से बंद

सड़क एवं रेल यातायात की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है।

इनमें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर रेलखंड का समपार फाटक संख्या 476, महोबा–खजुराहो रेलखंड का समपार फाटक संख्या 2 तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–ग्वालियर रेलखंड का समपार फाटक संख्या 409 शामिल हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *