
उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल अंतर्गत अजमेर–चंदेरिया रेल मार्ग पर स्थित झड़वासा से सिंघावल के मध्य दोहरीकरण कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस नवनिर्मित रेल खंड को 8 अक्टूबर 2026 को रात्रि 10:35 बजे से यात्री यातायात हेतु अधिकृत कर दिया गया।
संरक्षा मानकों की पुष्टि के लिए रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) श्री ई. श्रीनिवास द्वारा 8 अक्टूबर को झड़वासा, बांदनवाड़ा और सिंघावल के मध्य 19.571 किमी लंबे दोहरीकृत ट्रैक का गहन तकनीकी व संरक्षा निरीक्षण व तीव्र गति परीक्षण (स्पीड ट्रायल) किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक की स्थिति व राइडिंग क्वालिटी पूरी तरह संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा उसी दिन (8 अक्टूबर) रात 09:26 बजे इस खंड पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन हेतु औपचारिक प्राधिकार पत्र जारी किया गया। इसके तुरंत बाद रात 10:35 बजे इस खंड को अधिकृत कर दिया गया।
इस नवनिर्मित अप लाइन पर प्रथम ट्रेन के रूप में गाड़ी संख्या 19711 खातीपुरा- भोपाल एक्सप्रेस का सुरक्षित संचालन किया गया। यह ट्रेन नवदोहरीकृत ट्रैक पर झड़वासा स्टेशन से रात 11:27 बजे रवाना होकर 11:48 बजे बांदनवाड़ा से गुजरी तथा 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12:02 बजे सिंघावल स्टेशन पर सकुशल पहुंची।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने कहा की इस दोहरीकृत रेल खंड के चालू होने से अजमेर–चंदेरिया मार्ग पर ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी, क्रॉसिंग के कारण होने वाले विलंब में कमी आएगी और रेल सेवाओं की गतिशीलता व समयबद्धता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
