
रेल मंत्रालय ने पूर्वोत्तर रेलवे के औंड़िहार-वाराणसी सिटी (31.36 किमी) तीसरी लाइन निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।। परियोजना की लागत रू. 497.07 करोड़ है। यह परियोजना पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी एवं गाजीपुर जनपद में अवस्थित है। परियोजना के अन्तर्गत कार्य आरम्भ होने पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।
औंड़िहार – वाराणसी दोहरी लाइन खण्ड पर बड़ी संख्या में यात्री एवं माल गाड़ियों का संचलन किया जाता है।
औंड़िहार एक प्रमुख जं. स्टेशन है, जहाँ से दरभंगा, रक्सौल, जयनगर, छपरा, गया, टाटानगर, कोलकाता, मऊ, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, दुर्ग, पुणे, मुम्बई, गोंदिया, गुवाहाटी, नई दिल्ली आदि शहरों के लिए ट्रेनों का आवागमन होता है।
इसके कारण इस मार्ग पर तीसरी लाइन की माँग थी, जिसको पूरा करते हुए रेल मंत्रालय द्वारा औंड़िहार-वाराणसी सिटी के मध्य तीसरी लाइन के निर्माण को मंजूरी दी है। यहाँ मेमू शेड भी है।
इस तीसरी लाइन निर्माण परियोजना के फलस्वरूप इस खण्ड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी,अतिरिक्त यात्री गाड़ियों का संचलन हो सकेगा तथा प्रति वर्ष 1.99 मीलियन टन माल का अतिरिक्त ट्रैफिक मिलेगा, जिसके फलस्वरूप रेल राजस्व में वृद्धि होगी।इस तीसरी लाइन का निर्माण हो जाने पर गाड़ियों का डिटेन्सन को रोका जा सकेगा, जिससे रेल राजस्व की बचत हो सकेगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
