
बनारस रेल इंजन कारखाना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया ।इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने अपने संबोधन में बरेका की उपलब्धियों पर कहा कि “बरेका अत्याधुनिक तकनीक,श्रेष्ठ गुणवत्ता और उन्नत नवाचार युक्त लोको उत्पादन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में बरेका ने सर्वाधिक 477 रेल इंजनों का निर्माण किया था और मुझे पूरी उम्मीद है,कि इस वित्तीय वर्ष में हम अपने 570 के लक्ष्य से अधिक लोकोमोटिव का निर्माण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।”

बरेका द्वारा अब तक 11,000 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, इसके साथ ही बरेका अब तक विभिन्न देशों को 170 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात कर चुका है।वर्तमान में मोज़ाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीज़ल लोकोमोटिव निर्यात किये जा रहे है।
बरेका निर्मित लोकोमोटिव में नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल करते हुए क्रू फ्रेंडली हेतु – वाटरलेस यूरिनल, CLI सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट एवं सुरक्षा हेतु DPWCS और ‘कवच’ जैसे उपकरण लगाए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप बरेका को उत्पादन इकाई श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ लोको कैब का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।

इसके अतिरिक्त बरेका में इलेक्ट्रिक वाइपर्स, 3D एडजेस्टेबल ड्राइवर सीट्स और एकॉस्टिक कैब इंसुलेशन जैसे उन्नत तकनीक से युक्त “अमृत भारत पुश-पुल” लोकोमोटिव का सफलतापूर्वक निर्माण किया जा रहा है।
वर्ष 2025 में ऊर्जा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान बनाते हुए बरेका ने 2024 की तुलना में विशिष्ट ऊर्जा खपत में 17.82 प्रतिशत की बचत, सौर ऊर्जा उत्पादन में 5.78 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि और सौर ऊर्जा उपयोग से 1.61 करोड़ रुपये की आर्थिक बचत किया है।
