
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-भटनी रेल खंड पर स्थित देवरिया सदर-नूनखार स्टेशनों के मध्य 13.67 किमी. की ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग की कमीशनिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इसके साथ ही, पूर्वोत्तर रेलवे पर अब तक 152.24 रूट किलोमीटर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।

वर्ष 2025-26 में अभी तक पूर्वोत्तर रेलवे पर गोविन्दनगर-बभनान (24.64 किमी.), बभनान-स्वामी नारायण छपिया (12 किमी.) तथा देवरिया सदर-नूनखार (13.67 किमी.) खंडों सहित कुल 50.31 किमी. ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग का कार्य पूर्ण किया गया।
देवरिया सदर-नूनखार स्टेशनों के मध्य ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग का कार्य पूर्ण होने से और अधिक ट्रेनों का संचलन सम्भव होगा तथा लाइन क्षमता में वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त ट्रेनों के समय-पालन में सुधार के साथ ही संरक्षा सुनिश्चित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग प्रणाली की शुरुआत गत वित्त वर्ष 2024-25 के आरम्भ में जगतबेला-मगहर (14.65 किमी.) खंड के कमीशनिंग के साथ हुई थी।
