
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के हनुमानगढ़ -गोगामेड़ी एकल लाइन खंड रेल खंड पर (कुल 100 किलोमीटर) सेक्शनल स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा अनुमोदित की गई है। इसके साथ ही सभी यात्री /मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन हेतु गति, 80 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा की जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार हनुमानगढ़ –गोगामेड़ी एकल लाइन खंड में गति क्षमता में बढ़ोतरी सिग्नलिंग प्रणाली के अपग्रेडेशन, विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन, तकनीकी सुधारों तथा आवश्यक संरचनात्मक कार्यों के होने के फलस्वरूप की गई है। आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित किए जाने से ट्रेन परिचालन अधिक संरक्षित और विश्वसनीय हुआ है। इसके साथ ही इस खंड पर कई गति प्रतिबंधों को भी हटाया गया है।
ट्रेनों के गति की इस वृद्धि के दौरान सभी स्थायी और अस्थायी गति प्रतिबंधों का पालन करना अनिवार्य है, जिनमें वे अतिरिक्त प्रतिबंध भी शामिल हैं जो समय-समय पर ट्रैक, पुल, सिग्नलिंग और इंटरलॉकिंग के कारण लागू किए जा सकते हैं।
ट्रैक का रखरखाव आईआरपीडब्ल्यूएम के नवीनतम संस्करण के अनुसार किया जाएगा।सभी बीजी डीजल लोकोमोटिव (सिंगल/डबल) और रोलिंग स्टॉक, जो वर्तमान में इस खंड में चल रहे हैं, उन्हें अपनी-अपनी अनुमत गति या अधिकतम अनुमत गति, जो भी कम हो, पर चलने की अनुमति है।
