पमरे भोपाल मंडल :कल्हार–बरेठ–गंजबासौदा रेलखंड पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली चालू

दिनाँक 09 जून 2026 को पश्चिम मध्य रेल भोपाल मंडल के कल्हार–बरेठ–गंजबासौदा रेलखंड पर आधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) प्रणाली का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया है।

लगभग 19.57 किलोमीटर लंबे इस खंड में अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की गई है। इसकी निगरानी स्टेशन मास्टर कक्ष में स्थापित वीडियो डिस्प्ले यूनिट के माध्यम से की जाती है। इस प्रणाली के माध्यम से ब्लॉक सेक्शन में अधिक ट्रेनों का संचालन, तेज और कुशलतापूर्वक किया जा सकेगा।

परियोजना के अंतर्गत कल्हार–बरेठ तथा बरेठ–गंजबासौदा खंडों में आधुनिक रिले हटों का निर्माण किया गया है। संचार व्यवस्था को विश्वसनीय बनाने के लिए 24 फाइबर ऑप्टिक केबल की रिंग संरचना तथा 48-कोर ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा खंड में 45 ऑटो सिग्नल और 196 डेटा पॉइंट स्थापित किए गए हैं।

रिले हटों में डाटा लॉगर, निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रणाली, स्वचालित अग्नि पहचान एवं अलार्म प्रणाली तथा 25 केवीए क्षमता के ऑटोमैटिक ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। सभी व्यवस्थाएं आरडीएसओ के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित की गई हैं।

नई प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों के बीच सुरक्षित अंतर बनाए रखने, रेल यातायात की क्षमता बढ़ाने तथा समयपालन में सुधार करने में सहायता मिलेगी। साथ ही आधुनिक ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क भविष्य में कवच जैसी उन्नत सुरक्षा प्रणालियों एवं यात्री सूचना प्रणालियों के लिए उच्च गति डेटा संचार उपलब्ध कराएगा। इससे तांबे की केबलों और पारंपरिक रिले आधारित प्रणालियों पर निर्भरता कम होगी तथा रखरखाव लागत में भी कमी आएगी।

इस परियोजना के शुरू होने से पश्चिम मध्य रेल में रेल संचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी तथा भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version