
यात्रियों की मांग एवं उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल द्वारा जूनागढ़–देलवाड़ा मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन को पुनः संचालित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय परिचालनिक आवश्यकताओं एवं यात्री हितों को ध्यान में रखते हुए सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 52951/52952 (देलवाड़ा–जूनागढ़–देलवाड़ा दैनिक मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन) का संचालन दिनांक 25 मार्च 2026 से पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 52952 (जूनागढ़–देलवाड़ा दैनिक मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन) दिनांक 25.03.2026 से प्रारंभ होगी। यह ट्रेन जूनागढ़ से प्रातः 08:00 बजे प्रस्थान कर 14:40 बजे देलवाड़ा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 52951 (देलवाड़ा–जूनागढ़ दैनिक मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन) दिनांक 26.03.2026 से प्रारंभ होगी। यह ट्रेन देलवाड़ा से प्रातः 11:00 बजे प्रस्थान कर सायं 17:25 बजे जूनागढ़ पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में दोनों दिशाओं में उना, गीरगढरा, हडमडिया, जामवाला, वलादर, प्राची, गीर हडमतिया, जाम्बूर, तालाला, चित्रावड, सासण गीर, कांसियानेश, सताधार, विसावदर, जूनी चावंड, बिलखा एवं तोरणिया स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसके अतिरिक्त, ट्रेन संख्या 09595/09596 (जूनागढ़–चालाला–जूनागढ़ दैनिक मीटरगेज पैसेंजर स्पेशल) के समय में दिनांक 25 मार्च 2026 से आंशिक संशोधन किया गया है। ट्रेन संख्या 09595 (जूनागढ़–चालाला दैनिक मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन) अब प्रातः 10:40 बजे के स्थान पर 11:30 बजे प्रस्थान करेगी तथा 14:10 बजे के स्थान पर 14:50 बजे चालाला पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 09596 (चालाला–जूनागढ़ दैनिक मीटरगेज पैसेंजर ट्रेन) अब 14:40 बजे के स्थान पर 15:20 बजे प्रस्थान करेगी तथा 17:35 बजे के स्थान पर 18:45 बजे जूनागढ़ पहुंचेगी।
साथ ही, ट्रेन संख्या 52933/52956 (जूनागढ़–वेरावल–जूनागढ़) दैनिक पैसेंजर को दिनांक 25 मार्च 2026 से अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है।