
उत्तर मध्य रेल झांसी मंडल के ग्वालियर-श्योपुर कलां आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत नव निर्मित बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड के दो दिवसीय व्यापक संरक्षा निरीक्षण 29.09.2026 को पूरा हुआ।

रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्वी परिक्षेत्र श्री ई. श्रीनिवास द्वारा रेलखंड का गहन निरीक्षण करते हुए ट्रैक, सिग्नल, पॉइंट, पुलों सहित विभिन्न तकनीकी एवं संरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। निरीक्षण के उपरांत रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल भी किया गया।

दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने रेलखंड के विभिन्न हिस्सों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दूसरे दिन दिनांक 29.09.2026 को इकडोरी (हॉल्ट) से सिरोनी रोड तक के रेलखंड को विशेष रूप से परखा गया। इस दौरान ट्रैक, सिग्नल, पॉइंट एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की गई।

रेलखंड पर कूनो नदी के ऊपर निर्मित महत्वपूर्ण रेल पुल का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही इस रेलखंड पर कुल 9 मेजर ब्रिज एवं 56 माइनर ब्रिज का निरीक्षण किया गया।

श्री ई. श्रीनिवास ने पुलों के गर्डर, पिलर, एंगल सहित विभिन्न संरचनात्मक हिस्सों की गहनता से जांच की तथा रेल परिचालन की दृष्टि से पुलों की संरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।

निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त की उपस्थिति में बीरपुर-सिरोनी रोड आमान परिवर्तित रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। स्पीड ट्रायल के माध्यम से रेलखंड की ट्रैक संरचना, गति क्षमता तथा विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक, झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
