
रेल संरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety) द्वारा निरीक्षण के उपरांत संरक्षा तथा सुरक्षा मानकों को पूरा करते हुए पूर्व मध्य रेल दानापुर मण्डल के नेउरा-जटडुमरी रेलखंड पर परिचालन शुरू करने के लिए ट्रेनों के परिचालन की स्वीकृति प्रदान की गयी है ।

दिनांक 08.10.2026 को 20 किमी लंबे नेउरा-जटडुमरी नई लाइन का सफलतापूर्वक निरीक्षण एवं 120 किमी/घंटा की गति से स्पीड ट्रायल किया गया था । यह रेलखंड नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना का दूसरा चरण है ।

नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के पूर्ण हो जाने से अब पटना को बाईपास करते हुए नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा-किउल के रास्ते मालगाड़ियों का परिचालन किया जा सकेगा । इससे दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य लाइन पर अतिरिक्त दबाव समाप्त होगा तथा नई पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन के लिए रूट उपलब्ध हो सकेगा ।

विदित हो 42 किलोमीटर लंबे नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के तहत पहले चरण में 22.74 किमी लंबे जट डुमरी से दनियावां तक का कार्य पूरा होने के उपरांत दिनांक 08.02.2024 को निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया गया था। उसके उपरांत जट डुमरी-दनियावां रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
