
आज दिनांक 08.10.2026 को पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल के नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के अंतर्गत लगभग 20 किमी लंबे नवनिर्मित नेउरा-जट डुमरी रेलखंड का निरीक्षण रेलवे संरक्षा आयुक्त द्वारा किया गया ।

इसके उपरांत जट डुमरी से नेउरा तक विशेष ट्रेन द्वारा 120 किमी/घंटा की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया। नेउरा जं. और जट डुमरी जं. के मध्य गोनपुरा स्टेशन एवं अधपा, चामुचक एवं बाजिदपुर हाल्ट का निर्माण किया गया है ।

जबकि नेउरा स्टेशन पटना-आरा रेलखंड पर तथा जट डुमरी स्टेशन पटना-गया रेलखंड पर पहले से मौजूद है । इस रेलखंड पर 03 वृहत पुल, 16 छोटे पुल, 05 एलएचएस, 02 आरओबी, 01 आरओआर तथा 12 आरयूबी का निर्माण किया गया है ।

जट डुमरी-दनियावां संरक्षा निरीक्षण दिनांक 08.02.2024
विदित हो कि 42 किलोमीटर लंबे नेउरा-दनियावां नई रेल लाईन परियोजना के तहत पहले चरण में 22.74 किमी लंबे जट डुमरी से दनियावां तक का कार्य पूर्ण होने के उपरांत उस पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है । दिनांक 08.02.2024 को 22.74 किमी लंबे जट डुमरी-दनियावां रेलखंड का निरीक्षण एवं विशेष ट्रेन द्वारा सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल किया गया था।
यह परियोजना नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई लाईन का एक हिस्सा है और यह लाईन इस क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य लाइन की बाईपास लाइन के रूप में कार्य करेगी जो अत्यधिक भीड़भाड़ (Highly congested Section) वाली रेलखंड है।
