
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर जं. स्टेशन पर ट्रेन स्थिति प्रदर्शन प्रणाली के डिजिटलीकरण हेतु एक ‘इन-हाउस वेब एप्लीकेशन‘ का विकास किया गया है। इसे बिना किसी अतिरिक्त व्यय के तैयार किया गया है।
इस पहल के अंतर्गत पूछताछ काउंटर पर मैन्युअल रूप से अद्यतन किये जाने वाले व्हाइट बोर्ड के स्थान पर रियल-टाइम डिजिटल इंटरफेस स्थापित किया गया है, जिससे यात्रियों को सटीक एवं पारदर्शी ट्रेन सूचना उपलब्ध हो सके। यह यात्री सुविधा गोरखपुर जं. स्टेशन पर प्रारम्भ कर दी गई है।
यह वेबपेज गोरखपुर जं. स्टेशन से अगले 4 घंटों में प्रस्थान करने वाली ट्रेनों की लाइव स्थिति प्रदर्शित करता है। ट्रेनों को दिशा-वार प्रदर्शित किया गया है, जिससे विशेषकर दैनिक यात्रियों एवं अनारक्षित यात्रियों को जानकारी समझने में सुविधा हो। मार्ग परिवर्तन, रि-शिड्यूलिंग, नियंत्रित तथा निरस्त ट्रेनों को विशेष रूप से हाइलाइट किया गया है, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति अथवा अंतिम समय में असुविधा से बचा जा सके।
यात्री स्टेशन पर प्रदर्शित ‘क्यूआर कोड‘ स्कैन कर सीधे वेबपेज तक पहुँच सकते हैं। वेबपेज में ऑटो-रिफ्रेश एवं ऑटो-स्क्रॉल की सुविधा उपलब्ध है, जिससे रियल-टाइम अपडेट निर्बाध रूप से प्राप्त होते रहते हैं। इसके अतिरिक्त, निर्धारित यू.आर.एल. के माध्यम से मोबाइल फोन सहित किसी भी डिवाइस पर इसे एक्सेस किया जा सकता है।
इससे यात्रियों को पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे समय की बचत होती है एवं भीड़-भाड़ में कमी आती है। विशेष रूप से दैनिक यात्री अपनी दिशा की अगली उपलब्ध ट्रेन की शीघ्र पहचान कर अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं।
इस प्रणाली में सम्बन्धित रेलकर्मी नई ट्रेनों की प्रविष्टि, मार्ग परिवर्तन एवं निरस्त ट्रेनों तथा सम्भावित प्रस्थान समय का समयबद्ध अपडेट कर सकते हैं। सॉफ्टवेयर का विकास इन-हाउस किया गया है, जिससे यह पूर्वोत्तर रेलवे की किफायती एवं नवोन्मेषी पहल को दर्शाता है।
त्यौहारों के दौरान एवं बड़े आयोजनों, जैसे- कुम्भ मेला, माघ मेला आदि के समय जब यात्रियों की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है, इस प्रणाली का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे अवसरों पर, रियल-टाइम डिजिटल सूचना प्रसारण से भीड़ प्रबन्धन में सहायता मिलती है, पूछताछ काउंटरों पर दबाव कम होता है तथा भ्रामक जानकारी की सम्भावना न्यूनतम होती है। यात्री स्वयं अद्यतन जानकारी प्राप्त कर निर्णय ले सकते हैं, जिससे यात्री प्रवाह सुगम होता है।
यह पहल समग्र रूप से यात्री सुविधा को सुदृढ़ करती है, सटीक एवं त्वरित ट्रेन सूचना उपलब्ध कराती है तथा स्टेशन पर सूचना प्रसारण प्रणाली के आधुनिकीकरण के साथ-साथ मंडल स्तर से दूरस्थ मॉनिटरिंग की भी सुविधा सुनिश्चित करती है।
