उमरे झांसी मंडल : रोरा–मऊरानीपुर नव दोहरीकृत रेलखंड पर विस्तृत वैधानिक निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल संपन्न

उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के झांसी–मानिकपुर रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत रोरा–मऊरानीपुर नवनिर्मित द्वितीय रेल लाइन पर आज रेल संरक्षा आयुक्त श्री प्रणजीव सक्सेना द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोरा एवं मऊरानीपुर रेलवे स्टेशनों सहित दोनों स्टेशनों के मध्य रेलखंड का ट्रॉली के माध्यम से गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत रोरा रेलवे स्टेशन से हुई, जहाँ रेल संरक्षा आयुक्त ने स्टेशन मास्टर कक्ष, रिले रूम, बैटरी रूम, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्थाओं सहित विभिन्न संरक्षा एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।

इसके उपरांत उन्होंने ट्रॉली के माध्यम से रोरा–मऊरानीपुर रेलखंड का निरीक्षण करते हुए रेल पथ की गुणवत्ता, ट्रैक जियोमेट्री, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, पुल-पुलियाओं, समपार फाटकों तथा अन्य संरक्षा संबंधी तकनीकी मानकों का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर भी रेल संरक्षा आयुक्त ने स्टेशन परिसर, स्टेशन मास्टर कक्ष, रिले रूम, बैटरी रूम तथा अन्य परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध संरक्षा अवसंरचना, सिग्नलिंग प्रणाली एवं परिचालन व्यवस्था का परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएँ निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर रही हैं।

संरक्षा निरीक्षण के क्रम में सभी उपकरणों आदि के सञ्चालन से संतुष्टि के उपरान्त रोरा–मऊरानीपुर नव दोहरीकृत रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल भी संपन्न किया गया।

इस परीक्षण के दौरान रेल पथ, सिग्नलिंग प्रणाली, विद्युत व्यवस्था तथा परिचालन संबंधी विभिन्न तकनीकी मानकों का परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार सहित निर्माण संगठन एवं झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

झांसी–मानिकपुर रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना के पूर्ण होने से इस मार्ग पर रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी, ट्रेनों की समयपालनता बेहतर होगी, माल एवं यात्री परिवहन अधिक सुचारु होगा तथा बुंदेलखंड क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *