उमरे झाँसी मंडल : सबलगढ़–बीरपुर लाइन विद्युतिकरण के अंतर्गत विद्युत प्रवाह प्रारंभ,जन-सूचना जारी

उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मंडल के सबलगढ़–बीरपुर नयी आमान परिवर्तित (GC) लाइन विद्युतिकरण कार्य के अंतर्गत दिनांक 21 मई 2026 को 25 केवी विद्युत प्रवाह प्रारंभ किए जाने के संबंध में आम जन हेतु महत्वपूर्ण जन-सूचना जारी की गई है।

मंडल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता द्वारा उक्त खंड का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान तथा उसके उपरांत सबलगढ़–बीरपुर न्यू GC लाइन पर 25 केवी विद्युतिकरण प्रणाली चालू कर दी जाएगी।

रेल प्रशासन ने आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे विद्युत तारों एवं खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा रेल लाइन के निकट अनावश्यक रूप से न बैठें और न ही अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार करें। साथ ही अपने पशुओं को भी रेलवे पटरी से दूर रखने का अनुरोध किया गया है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि विद्युतीकृत रेलवे लाइन के संपर्क में आना अत्यंत खतरनाक हो सकता है। अनधिकृत रूप से रेलवे लाइन पार करना अथवा रेलवे अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करना दंडनीय अपराध है, जिसके अंतर्गत जुर्माना, कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है। झाँसी मंडल द्वारा नागरिकों से सहयोग एवं सतर्कता बरतने की अपील की गई है, ताकि विद्युतिकरण कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *