पूर्वोत्तर रेलवे यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में ‘कम्प्यूटरीकृत ब्रेक परीक्षण फैसिलिटी‘ का उद्घाटन

यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर कार्यशाला में 08 मई, 2026 को कारखाना स्थित एयर ब्रेक शॉप में सभी एल.एच.बी. एवं आई.सी.एफ. कोचों के अंतिम एयर ब्रेक परीक्षण हेतु अत्याधुनिक ‘कम्प्यूटरीकृत ब्रेक परीक्षण फैसिलिटी‘ (सिंगल कार टेस्ट रिग-एस.सी.टी.आर.) का उद्घाटन किया गया।
यह अत्याधुनिक प्रणाली कोचों के ब्रेक सिस्टम की जाँच को अधिक तेज, सटीक एवं विश्वसनीय बनायेगी। इसमें ऑटोमेटिक लॉगिंग, डिजिटल डिस्प्ले एवं डेटा रिकॉर्डिंग जैसी आधुनिक सुविधायें उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से डिस्ट्रीब्यूटर वाल्व तथा अन्य ब्रेक उपकरणों का त्रुटिरहित परीक्षण किया जा सकेगा।

इस प्रणाली की विशेषता है कि यह बिना लोकोमोटिव के ही कोच के ब्रेक सिस्टम की स्वचालित जाँच करने में सक्षम है। परीक्षण के दौरान यह प्रणाली विभिन्न मानकों की स्वतः जाँच कर उनका डेटा रिकॉर्ड करती है।

इसके माध्यम से एयर लीकेज, इमरजेंसी ब्रेक की कार्यक्षमता तथा ब्रेक रिलीज प्रणाली जैसी महत्वपूर्ण स्थितियों का तेज एवं सटीक परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे सम्भावित त्रुटियों का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, कोचों के ब्रेक सिलेंडर तथा एयर सस्पेंशन से जुड़े उपकरणों की ऑटोमेटिक जाँच की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे कोचों की विश्वसनीयता एवं यात्रा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
इस प्रणाली में ‘इंटेलिजेंट टेस्टिंग एंड फेलियर सिमुलेशन‘ जैसी आधुनिक सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से सम्भावित त्रुटियों का पहले से आकलन किया जा सकेगा। इससे कोचों के दीर्घकालिक अनुरक्षण विश्लेषण को अधिक व्यवस्थित, सटीक एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा। इस तकनीक के उपयोग से मानवीय त्रुटियों की सम्भावना कम होगी।

Related Posts

Got something to say? Post a comment!