पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने बादशाह नगर स्टेशन पर श्रवण बाधित (hearing impaired) यात्रियों के लिए सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली शुरू की

दिनांक 07 जुलाई, 2026 को पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म सं0 01 पर सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली की शुरुआत की है। भारतीय रेलवे में यात्री-केंद्रित और समावेशी रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सर्वप्रथम पहल है।

मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित यह AI-आधारित प्रणाली श्रवण बाधित यात्रियों को ट्रेनों की लाइव घोषणाओं, आगमन-प्रस्थान समय और प्लेटफार्म जानकारी को सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) में आसानी से उपलब्ध कराएगी।

मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि, इस प्रणाली में रेलवे की मौजूदा घोषणाओं को स्वचालित रूप से सांकेतिक भाषा में रूपांतरित कर प्लेटफार्म पर लगी LED टीवी स्क्रीन्स पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे श्रवण बाधित (hearing impaired) यात्री बिना किसी की सहायता के यात्रा संबंधी जरूरी जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकेंगे।

इस प्रणाली का सफल ट्रायल लखनऊ मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, नोएडा स्थित मूक-बधिर संस्था के अधिकारियों तथा चार प्रमाणित सांकेतिक भाषा इंटरप्रेटर्स की उपस्थिति में पूरा किया गया। TECHTRON INFOTECH PVT- LTD-  के सहयोग से विकसित यह सिस्टम दो माह के सफल ट्रायल के बाद भारतीय रेलवे में लखनऊ मंडल के बादशाह नगर स्टेशन पर लागू किया जा रहा है।

 रेल मंत्रालय के सुलभ सार्वजनिक परिवहन कार्य योजना के अनुरूप यह पहल सुनिश्चित करती है कि शारीरिक रूप से दिव्यांग यात्रियों को भी समान सुविधा और जानकारी का अधिकार प्राप्त हो।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *