
भारतीय रेल ने लखनऊ मण्डल (पूर्वोत्तर रेलवे) के मैलानी और नानपारा के मध्य वैकल्पिक बड़ी लाइन (Broad Gauge) स्थापित करने हेतु भीरा खीरी-राय भोज नई लाइन (120 किमी) बनाने का निर्णय लिया है।
इस नई लाइन के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (detailed project report) तैयार करने हेतु भीरा खीरी-राय भोज रेलखंड के सर्वेक्षण को स्वीकृत किया गया है। यह सूचना केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने दिनांक 05/06/2026 को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को तैयार करने के पश्चात, परियोजना की स्वीकृति के लिए राज्य सरकारों, वन अधिकारियों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ परामर्श और आवश्यक अनुमोदनों जैसे नीति आयोग, वित्त मंत्रालय आदि के मूल्यांकन की आवश्यकता होती है।

मैलानी-नानपारा छोटी लाइन मार्ग
मैलानी और नानपारा पहले से ही मौजूदा मीटर आमान (छोटी लाइन /metre gauge) रेल लाइन के माध्यम से जुड़े हुए हैं। इस छोटी लाइन मार्ग का प्रमुख हिस्सा (लगभग 128 किमी) दुधवा राष्ट्रीय उद्यान वन्यजीव/वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। इसलिए इस रेलखंड का आमान परिवर्तन कार्य शुरू नहीं किया गया है।
मैलानी-नानपारा वैकल्पिक बड़ी लाइन परियोजना
बहरहाल, एक निर्बाध बड़ी आमान संपर्कता स्थापित करने के लिए एवं दुधवा राष्ट्रीय उद्यान से बचते हुए मैलानी-नानपारा वैकल्पिक बड़ी लाइन परियोजना को 3 भागों में क्रियान्वित किया जाएगा । प्रथम, मैलानी-भीरा खीरी आमान परिवर्तन (16 किमी), द्वितीय, भीरा खीरी-राय भोज नई लाइन (120 किमी) एवं तृतीय, राय भोज – नानपारा आमान परिवर्तन (13 किमी) ।
मैलानी–नानपारा छोटी लाइन मार्ग का अनुरक्षण
मैलानी-नानपारा मीटर आमान खंड में रेलपथों का भी निर्धारित उपबंधों के अनुसार निरीक्षण और अनुरक्षण किया जाता है और यह अनुमत गति पर गाड़ी चालन के लिए सुरक्षित है।
मैलानी-नानपारा में रेलपथ संरचना को उन्नत करने के लिए लगभग 109 किलोमीटर के पूर्ण रेलपथ नवीकरण को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, अतिरिक्त जलमार्ग प्रदान करने और मौजूदा पुलों के सुदृढ़ीकरण के संबंध में मैलानी-नानपारा खंड में एक आर्च ब्रिज के पुनर्निर्माण, 6 नए पुलों के प्रावधान और पुल सं. 97 के गाइड बंड को मजबूत करने के लिए 8.3 करोड़ रुपए की राशि के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
