
दिनांक 06.09.2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का व्यावसायिक लदान सफलतापूर्वक शुरू हुआ।

इस के तहत मैसर्स श्री नारायण मिनरल्स द्वारा अजमेर मंडल के सोजत रोड रेलवे स्टेशन से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल स्थित बोकारो स्टील प्लांट के लिए कुल 58 बॉक्सएनएचएल (BOXNHL) वैगनों के लाइमस्टोन रेक का लदान किया । दिनांक 06.09.2026 को 58 वैगनों का पहला रेक सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया।

इस पूरे रेक से लगभग 4,000 टन लाइमस्टोन का लदान हुआ, जिससे रेलवे को ₹1 करोड़ से अधिक का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

माल लदान में नया कीर्तिमान
उत्तर पश्चिम रेलवे,अजमेर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में अगस्त 2026 में तथा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की अवधि (अप्रैल से अगस्त 2026) में अब तक का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ माल लदान दर्ज किया है।

अगस्त 2026 के प्रदर्शन के अंतर्गत अजमेर मंडल ने अगस्त 2026 में कुल 0.986 मिलियन टन (एमटी) माल का लदान किया, जो कि अगस्त माह के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष के इसी माह (0.686 एमटी) की तुलना में लदान में 43.86% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम पांच महीनों (अप्रैल से अगस्त 2026) में मंडल ने कुल 4.68 मिलियन टन का संचयी माल लदान कर नया रिकॉर्ड बनाया। गत वर्ष की समान अवधि के 3.83 एमटी लदान की तुलना में इसमें 22.9% की वृद्धि हुई है।
