दपूमरे नागपुर मंडल : वडसा–आरमोरी रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण संपन्न

आज दिनांक 21 सितंबर 2026 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत नवनिर्मित वडसा–गडचिरोली ब्रॉडगेज (बड़ी रेल लाइन) के कमीशनिंग की दिशा में वडसा–आरमोरी रेलखंड पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) श्री सुमीत सिंघल द्वारा रेल निरीक्षण एवं गति परीक्षण (स्पीड ट्रायल) संपन्न किया गया।

वडसा–आरमोरी रेलखंड पर संपन्न हुआ यह निरीक्षण एवं गति परीक्षण वडसा–गडचिरोली ब्रॉडगेज रेल लाइन के कमीशनिंग की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति है। रेल प्रशासन द्वारा आवश्यक संरक्षा प्रक्रियाओं एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे की कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित रेलखंड की संरक्षा एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गति परीक्षण किया गया।

वडसा–गडचिरोली नई रेल लाइन के प्रारंभ होने से गडचिरोली एवं आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन के बेहतर एवं सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होंगे।

इस रेल लाइन के माध्यम से कृषि उत्पादों एवं स्थानीय व्यापारिक वस्तुओं के परिवहन को सुगमता मिलेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

नई रेल लाइन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बेहतर रेल संपर्क से नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं व्यापार से जुड़े अवसरों तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही, रेल परिवहन के विस्तार से क्षेत्र में पर्यटन, निवेश तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे गडचिरोली एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

इस अवसर पर श्री मुदित भटनागर मुख्य प्रशा. अधिकारी (निर्माण) मुख्यालय बिलासपुर एवं  नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता सहित संबंधित वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *