
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत सिग्नल एवं दूरसंचार निर्माण यूनिट, नागपुर द्वारा वडसा रेलवे स्टेशन पर सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली के आधुनिकीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य के अंतर्गत पुरानी वेस्ट्रेस इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली के स्थान पर अत्याधुनिक हिताची इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की गई है तथा स्टेशन यार्ड का पुनर्गठन कर इसे अरमोरी (वडसा–गड़चिरोली) नई ब्रॉडगेज रेल लाइन से जोड़ा गया है।
यह जटिल तकनीकी कार्य निर्धारित 5 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में सफलतापूर्वक पूरा किया गया तथा नई प्रणाली को 07 जून 2026 से चालू किया गया है । इस उन्नयन से वडसा स्टेशन की परिचालन क्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ रेल यातायात और अधिक संरक्षित, विश्वसनीय एवं सुचारु हो सकेगा।

नई व्यवस्था के अंतर्गत अत्याधुनिक आई.पी.एस. विद्युत आपूर्ति प्रणाली, हिताची इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग तथा फायर अलार्म सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इस प्रणाली के माध्यम से स्टेशन पर कुल 63 रूट, 15 मुख्य सिग्नल, 6 कॉलिंग-ऑन सिग्नल, 8 शंट सिग्नल, 3 रेल लाइनें तथा 31 डीसी ट्रैक सर्किट संचालित किए जा रहे हैं। इस कार्य के पूर्ण होने से अरमोरी (वडसा–गड़चिरोली) नई ब्रॉडगेज रेल लाइन के साथ बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
