
पश्चिम रेलवे राजकोट मंडल ने कानालुस स्टेशन के पोरबंदर छोर पर स्थित पॉइंट संख्या 112 के फोर्स्ड ट्रैक लेआउट का सफलतापूर्वक निराकरण किया है। इस सुधार से संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन में बेहतर स्थिरता एवं परिचालन दक्षता सुनिश्चित होगी। इस कार्य के अंतर्गत पॉइंट संख्या 112 को टी-28 ट्रैक मशीन की सहायता से 18.82 मीटर राजकोट दिशा की ओर स्थानांतरित किया गया। इसके परिणामस्वरूप फोर्स्ड ट्रैक लेआउट पूरी तरह समाप्त हो गया है तथा ट्रैक ज्यामिति में उल्लेखनीय सुधार प्राप्त हुआ है।

कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व स्थल की परिस्थितियों का विस्तृत सर्वेक्षण एवं तकनीकी विश्लेषण कर उपयुक्त योजना तैयार की गई। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुरूप इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। यांत्रिक उपकरणों एवं मशीनों के उपयोग से कार्य में उच्च स्तर की सटीकता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की गई, जबकि रेल यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा। इस अवसंरचनात्मक सुधार से ट्रेनों की गति एवं संचालन में बेहतर समरूपता आएगी, ट्रैक अनुरक्षण की आवश्यकता में कमी होगी तथा परिचालन की विश्वसनीयता में वृद्धि होगी।
