उमरे ने मिर्जापुर–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन खंड के 64 रूट किमी पर ‘कवच’ प्रणाली का सफल कमीशनिंग किया

उत्तर मध्य रेलवे ने मिर्जापुर (समेत)–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (अपवर्जित) खंड के 64 रूट किलोमीटर पर KAVACH Version 4.0 (ट्रेन कोलिजन अवॉइडेंस सिस्टम) का सफल कमीशनिंग किया है।

इसके साथ उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में मिर्जापुर (समेत)-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन खंड के 64 रूट किलोमीटर के सफल कमीशनिंग के साथ चिपयाना (छोड़कर) से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (प्रयागराज-मिर्जापुर को छोड़ कर) तक लगभग 636 रूट किलोमीटर का निरंतर ‘कवच’ संरक्षित रेलखंड तैयार हो गया है।

इससे पूर्व, उत्तर मध्य रेलवे में चिपयाना-टूंडला (175 रूट किमी), टूंडला-पनकी धाम (207 रूट किमी) तथा कानपुर-प्रयागराज (छोड़कर) (190 रूट किमी) पर ‘कवच 4.0’ प्रणाली का सफल कमीशनिंग किया जा चुका था। इन चारों खंडों में कुल 572 रूट किलोमीटर पर ‘कवच’ संचालित है।

इस परियोजना के दौरान भारतीय रेलवे में पहली बार WAG-9 मालगाड़ी इंजन पर KERNEX निर्मित KAVACH का सफल कमीशनिंग किया गया। इसके साथ ही 09 इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग स्टेशनों पर KAVACH का सफल एकीकरण किया गया, जिनमें 07 Hitachi Electronic Interlocking तथा 02 Kyosan Electronic Interlocking स्टेशनों को प्रोटोकॉल कन्वर्टर के माध्यम से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त RIU (Remote Interface Unit) के माध्यम से ऑटो सेक्शन सिग्नलिंग सूचना का भी सफल एकीकरण किया गया।

परियोजना के अंतर्गत आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया गया। संपूर्ण रेलखंड का ड्रोन, RSSI एवं RF सर्वे किया गया तथा ट्रैक पर 1,824 RFID टैग स्थापित किए गए। बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 03 नए 40 मीटर ऊंचे संचार टावर एवं संबंधित KAVACH अवसंरचना का निर्माण किया गया। इसके साथ ही 2 × 24-कोर बैकबोन ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाई गई तथा KAVACH भवनों एवं रिले रूम का निर्माण एवं विस्तार भी किया गया।

प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे, OEM प्रतिनिधियों तथा ISA Italcertifier द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक परीक्षण किए गए। इन परीक्षणों में SPAD रोकथाम, लूप लाइन गति नियंत्रण, SOS एवं विभिन्न फेल्योर मोड, RF एवं संचार विफलता परिदृश्य, STCAS कनेक्टिविटी, RFID रीडर परीक्षण तथा मोड ट्रांजिशन एवं एक्नॉलेजमेंट का सफल सत्यापन किया गया।

इसके अतिरिक्त ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस (15657/15658) तथा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801/12802) के माध्यम से ब्रेक आइसोलेटेड फील्ड ट्रायल भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। यह उपलब्धि दिल्ली-हावड़ा उच्च घनत्व रेल कॉरिडोर पर रेल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने, परिचालन विश्वसनीयता बढ़ाने तथा उच्च गति से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

‘कवच’ प्रणाली

‘कवच’ भारतीय रेलवे द्वारा विकसित स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (Automatic Train Protection System) है, जिसे ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए विकसित किया गया है। यह प्रणाली लाल सिग्नल पार करने (SPAD) की घटनाओं को रोकने, निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने, संभावित टक्करों से सुरक्षा प्रदान करने तथा लोको पायलट को वास्तविक समय में आवश्यक परिचालन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करती है। आधुनिक रेडियो संचार, माइक्रोप्रोसेसर एवं सेंसर आधारित यह प्रणाली इंजन, स्टेशन, सिग्नलिंग प्रणाली तथा ट्रैकसाइड उपकरणों के बीच निरंतर डेटा का आदान-प्रदान कर रेल संचालन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाती है।

‘कवच’ प्रणाली में ट्रैक के बीच निर्धारित दूरी पर लगाए गए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) टैग ट्रेन की सटीक स्थिति, दिशा और गति की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। इंजन में स्थापित एंटेना इन टैगों को पढ़कर ट्रेन की वास्तविक लोकेशन का निर्धारण करते हैं। साथ ही, अल्ट्रा हाई फ्रिक्वेंसी (UHF) रेडियो संचार प्रणाली के माध्यम से इंजन, स्टेशन एवं ट्रैकसाइड उपकरणों के बीच लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान होता रहता है। यदि चालक लाल सिग्नल पार करने का प्रयास करता है अथवा निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से ट्रेन चलाता है, तो ‘कवच’ पहले दृश्य एवं श्रव्य चेतावनी देता है और आवश्यकता पड़ने पर स्वतः ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति नियंत्रित करता है। यह प्रणाली एक ही ट्रैक पर चल रही दो ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने में भी सक्षम है तथा घने कोहरे या कम दृश्यता की स्थिति में भी चालक को सिग्नल एवं गति प्रतिबंधों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करती है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *