
दिनाँक 08 जून,2026 को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मण्डल के गोरखपुर कैन्ट- वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत उनौला-पिपराईच स्टेशनों के मध्य 7.38 किमी नवनिर्मित दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेल खंड का संरक्षा निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त उत्तर पूर्व सर्किल श्री प्रणजीव सक्सेना ने किया।
श्री सक्सेना ने निरीक्षण का आरंभ उनौला स्टेशन से किया। इस दौरान उन्होंने उनौला स्टेशन पर वी.डी.यू. पैनल, नये सिगनलो एवं पॉइंट्स के संस्थापन,प्लेटफार्म एवं एफ ओ बी क्लियरेंस, रिले रूम के अल्ट्रेशन,स्टेशन वर्किंग रुल में बदलाव समेत संरक्षा से जुड़े सभी मानदंडो को परखा।

तदुपरांत उन्होंने उनौला यार्ड में किमी सं-383/29 पर अप लाइन के ट्रेलिंग पॉइंट सं-102बी का पॉइंट एवं क्रासिंग निरीक्षण किया। तत्पश्चात रेल संरक्षा आयुक्त श्री सक्सेना ने ब्रिज सं-07 का संरक्षा निरीक्षण किया और फाउंडेशन समेत निर्माण के सभी मानकों की गहराई से जाँच की।
पिपराईच स्टेशन पर उन्होंने विद्युतीकृत लाइनों के साथ दोहरीकरण में प्रयुक्त होने वाले
सभी मानदंडो को परखा और स्टेशन का निरीक्षण कर उपकरणों के संस्थापन में नियमो का अनुपालन सुनिश्चित किया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा हेतु प्लेटफार्म एवं पैदल उपरिगामी पुल का क्लियरेंस भी परखा। इस दौरान उन्होंने पिपराईच स्टेशन पर सभी उपकरणों का संस्थापन मानक के अनुरूप पाया ।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने इस रेल खण्ड पर रेल पथ फिटिंग्स, बैलास्ट कुशनिंग की गहराई व फैलाई, साइट बोर्ड एवं सिग्नलों के संस्थापन,रेल खण्ड में पड़ने वाले तीनों समपार फाटकों के एक्स्टेन्शन समेत ओवर हेड लाइन की मानक स्थिती एवं पुल पुलियाओं पर संरक्षा के मानदंडों को परखा।
निरीक्षण के उपरान्त रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से पिपराईच- उनौला रेल खण्ड पर अधिकतम 120 किमी/प्रति घंटे से स्पीड ट्रायल किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री अभय कुमार गुप्ता,मण्डल रेल प्रबन्धक/वाराणसी श्री आशीष जैन सहित मुख्यालय गोरखपुर एवं वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
