
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया है।यह कार्य दिनांक 22 मार्च 2026 (रविवार) को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) ब्लॉक के दौरान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस कार्य को लगभग 5:30 घंटे में पूर्ण कर लिया गया, जिससे रेल परिचालन को न्यूनतम प्रभावित करते हुए सुचारु बनाए रखा गया।

नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के अंतर्गत 40 प्वाइंट्स एवं 226 रूट्स का प्रावधान किया गया है, जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सिग्नलिंग व्यवस्था में 22 मुख्य सिग्नल, 17 कॉलिंग-ऑन सिग्नल तथा 75 डमी प्वाइंट्स शामिल किए गए हैं।

आधुनिकीकरण के तहत, स्टेशन पर 6 लाइनों में 66 डीसी ट्रैक सर्किट के साथ-साथ कुल 54 एमएसडीएसी (मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर) ट्रैक सेक्शन स्थापित किए गए हैं। यह उन्नत व्यवस्था ट्रेन की सटीक पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ सिग्नलिंग प्रणाली में अतिरिक्त विश्वसनीयता एवं बैकअप प्रदान करेगी।

इस परियोजना में अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (सिमेन्स), डेटा लॉगर, फायर अलार्म सिस्टम, एमएसडीएसी (मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर), फ्यूज चेंजओवर एवं अलार्म सिस्टम तथा आईपीएस (इंटीग्रेटेड पावर सप्लाई) जैसी उन्नत प्रणालियाँ शामिल हैं।
