परे अहमदाबाद मंडल : चांदखेड़ा रोड–साबरमती ‘D’ केबिन Y-कनेक्टिविटी लाइन का संरक्षा निरीक्षण सम्पन्न

पश्चिम सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) श्री ई. श्रीनिवास ने दिनांक 07 मई 2026 को पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में चांदखेड़ा रोड–साबरमती ‘डी’ केबिन (लगभग 1.00 किमी) इंटरसेक्शन की नई ब्रॉड गेज Y-कनेक्टिविटी लाइन का संरक्षा निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस नई लाइन पर मोटर ट्रॉली द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया तथा लाइन की संरक्षा एवं परिचालन क्षमता का आंकलन किया। इसके अतिरिक्त इस सेक्शन पर स्पीड ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया गया।

साबरमती ‘डी’ केबिन बाईपास का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि उत्तर एवं पूर्वी भारत से आने-जाने वाली ट्रेनों, विशेषकर सौराष्ट्र क्षेत्र की ट्रेनों, को व्यस्त साबरमती ‘डी’ केबिन क्षेत्र में प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

इससे ट्रेनों की आवाजाही अधिक तेज एवं निर्बाध होगी तथा सौराष्ट्र क्षेत्र से आने-जाने वाले यात्रियों के यात्रा समय में भी कमी आएगी। इसके अलावा लोको रिवर्सल समाप्त होने से साबरमती लाइन पर अधिक ट्रेनें चलाने के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

चांदखेड़ा रोड बाईपास के माध्यम से ट्रैफिक डायवर्ट होने से अहमदाबाद (कालूपुर) एवं साबरमती स्टेशनों पर ट्रेनों का दबाव कम होगा, जिससे परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी। यह नई Y-कनेक्टिविटी भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन में भी सहायक सिद्ध होगी।

इस निरीक्षण के दौरान श्री प्रदीप गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), श्री वेद प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद सहित निर्माण एवं ओपन लाइन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts

Got something to say? Post a comment!