परे अहमदाबाद मंडल :सी एंड डब्ल्यू (C&W) कर्मचारियों की सूझबूझ, टला एक्सप्रेस ट्रेन का कोच डिटैचमेंट

पश्चिम रेलवे,अहमदाबाद मंडल के कैरिज एवं वैगन (सी एंड डब्ल्यू) विभाग के कर्मचारियों ने दिनांक 29 मई 2026 को अपनी तकनीकी दक्षता, दूरदर्शी योजना और उत्कृष्ट समन्वय का परिचय देते हुए मुस्तैदी से ट्रेन संख्या 22950 दिल्ली सराय रोहिल्ला –बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के एक कोच को अलग (डिटैच) होने से बचा लिया और ट्रेन का सुचारु व सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया।

क्या थी तकनीकी समस्या?

दिनांक 29 मई 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार के अंतर्गत यात्रा के दौरान ट्रेन संख्या 22950 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के कोच संख्या M-2 में FIBA (Failure Indication and Brake Application) की स्थिति उत्पन्न हो गई। आबू रोड स्टेशन पर गहन जांच के दौरान तकनीकी टीम ने पाया कि डुप्लेक्स चेक वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे लगातार एयर लीकेज हो रही थी। इस लीकेज के कारण अग्रणी ट्रॉली के दोनों एयर स्प्रिंग्स डिफ्लेट (पिचक) गए थे। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, ट्रेन को सी एंड डब्ल्यू स्टाफ की निगरानी (एस्कॉर्टिंग) में 60 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से आगे चलाने की अनुमति दी गई।

अहमदाबाद मंडल की तैयारी

प्रातः 06:30 बजे अहमदाबाद कंट्रोल कार्यालय को यह सूचना मिली कि अहमदाबाद स्टेशन पहुंचने पर प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग करना पड़ सकता है। कोच डिटैच होने से यात्रियों को भारी असुविधा होती और ट्रेन भी अत्यधिक विलंबित होती।

सूचना मिलते ही अहमदाबाद मंडल के सी एंड डब्ल्यू पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। टीम ने बिना समय गंवाए आवश्यक उपकरणों, फिटिंग्स और अतिरिक्त डुप्लेक्स चेक वाल्व की व्यवस्था की और ट्रेन के आने से पहले ही प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हो गए।

मात्र 28 मिनट में ‘मिशन सफल’

ट्रेन अपने निर्धारित समय से 62 मिनट की देरी से प्रातः 08:27 बजे अहमदाबाद स्टेशन पहुंची। ट्रेन के रुकते ही सी एंड डब्ल्यू की कुशल टीम ने युद्धस्तर पर काम शुरू किया।

कर्मचारियों ने अपने तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए मात्र 28 मिनट के रिकॉर्ड समय में क्षतिग्रस्त डुप्लेक्स चेक वाल्व को बदल दिया। इसके परिणामस्वरूप कोच को तुरंत फिर से सेवा योग्य (फिट) बना दिया गया। ट्रेन को बिना किसी अतिरिक्त समयहानि के और बिना कोच डिटैच किए सामान्य गति से आगे के गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सामूहिक पुरस्कार की घोषणा

अहमदाबाद मंडल के रेल कर्मियों की इस समर्पित कार्यशैली और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण न केवल एक संभावित कोच डिटैचमेंट टला, बल्कि ट्रेन की समयबद्धता (Punctuality) पर पड़ने वाले असर को भी न्यूनतम रखा जा सका।

मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अहमदाबाद, श्री वेद प्रकाश ने कर्मचारियों की इस सराहनीय कार्यकुशलता, सतर्कता और तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित सी एंड डब्ल्यू टीम को ₹5,000 का सामूहिक पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *